लहरतारा फ्लाई ओवरब्रिज पर लगे जर्सी बैरियर को अराजक तत्वों द्वारा सड़क पर फैला दिया जिसके कारण
वाराणसी। शहर में कुछ मिनट बचाने की कोशिश अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगी है। लहरतारा कैंसर अस्पताल के पास शॉर्टकट रोकने के लिए पुलिस ने डिवाइडर लगवाया था, लेकिन पिछले 30 दिनों में यहां पांच बार डिवाइडर क्षतिग्रस्त हो चुका है। बड़े वाहनों की टक्कर से जहां डिवाइडर टूटता रहा, वहीं ऑटो और बाइक सवार भी हादसों में चोटिल हुए।
समय पर डिवाइडर की मरम्मत नहीं होने के कारण लोगों ने वहीं से शॉर्टकट बना लिया। बेतरतीब तरीके से पड़े डिवाइडर के कारण बृहस्पतिवार को करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा। डिवाइडर को सही कराने के लिए पुलिस को क्रेन बुलानी पड़ी। बृहस्पतिवार को भी डिवाइडर हटाए जाने के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ गई और करीब दो घंटे तक कैंट से बैलिया मार्ग पर लंबा जाम लगा रहा। हालात ऐसे बने कि लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा। एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा ने बताया कि अराजक तत्वों को चिह्नित करने के साथ ही उन वाहनों की भी पहचान की जा रही है, जिनकी वजह से डिवाइडर क्षतिग्रस्त हुआ है।