शहर की सफाई व्यवस्था की निगरानी के लिए नगर आयुक्त श्रीहरि प्रताप शाही ने सोमवार को शहर को चार जोन में बांटते हुए चार अधिकारियों की टीम गठित की है। वरुणापार जोन को वरुणा टीम, आदमपुर-कोतवाली जोन को बाबा कालभैरव टीम, दशाश्वमेध जोन को बाबा विश्वनाथ टीम और भेलूपुर जोन को संकटमोचन टीम का नाम दिया है।
नगर आयुक्त ने बताया कि टीम शहर में सफाई कार्यक्रम की निगरानी करेगी। इसके लिए अधिकारियों की टीम भी लगाई गई है। इसमें अपर नगर आयुक्त बीके द्विवेदी, संयुक्त नगर आयुक्त रमेश चंद्र सिंह, तहसीलदार अविनाश कुमार और अपर नगर आयुक्त राजेंद्र सिंह सेंगर को कमान दी गई है। अधिकारी सफाई के साथ ही जागरूकता कार्यक्रम पर भी नजर रखेंगे। उधर अतिक्रमण, अवैध होर्डिंग्स और सड़क पर गंदगी करने वालाें के खिलाफ नगर निगम ने अभियान चलाया। कोतवाली-आदमपुर जोन, वरुणापार, दशाश्वमेध जोन में मुहिम चलाकर नोटिस जारी कर 34 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।