Varanasi News: वाराणसी में जिला प्रबंधक कार्यालय पीसीएफ का लिपिक 25 हजार की घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया। विजिलेंस की टीम लखनऊ के गोसाईगंज थाना क्षेत्र के कासिमपुर निवातिनुपरवा निवासी आरोपी लिपिक से पूछताछ कर रही है।
उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान गोरखपुर की ट्रैप टीम ने मंगलवार शाम मऊ के पीसीएफ जिला प्रबंधक कार्यालय के लिपिक राम मिलन यादव को 25 हजार रुपये घूस लेते भीटी चौराहा तहसील सदर से रंगेहाथ गिरफ्तार किया। धान क्रय केंद्र प्रभारी को फिंगर मशीन और जूट बोरा उपलब्ध कराने के लिए लिपिक ने 25 हजार की मांग की थी।
विज्ञापन
विजिलेंस की टीम लखनऊ के गोसाईगंज थाना क्षेत्र के कासिमपुर निवातिनुपरवा निवासी आरोपी लिपिक से पूछताछ कर रही है। मऊ के कोपागंज इंदारा निवासी शिकायतकर्ता शौकत अली ने विजिलेंस गोरखपुर एसपी को बताया कि वह साधन सहकारी समिति बी पैक्स भीटी में धान क्रय केंद्र प्रभारी हैं।
सरकारी धान क्रय करते समय उपस्थिति लगाने के लिए आई मशीन के खराब होने के कारण जिला प्रबंधक पीसीएफ मऊ से मिलकर फिंगर मशीन और जूट के बोरे के लिए अनुरोध किया।
जिला प्रबंधक ने लिपिक राम मिलन यादव से मिलने को कहा। लिपिक राममिलन यादव ने 25 हजार की रिश्वत मांगी। बिना पैसे दिए फिंगर मशीन और जूट का बोरा उपलब्ध कराने से इन्कार कर दिया।
शौकत ने विजिलेंस को बताया कि वह रिश्वत नहीं देना चाहता, बल्कि ऐसे रिश्वतखोर भ्रष्ट लोक सेवक को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़वाना चाहता है। उप्र सतर्कता अधिष्ठान गोरखपुर में शिकायती पत्र दिया। गोरखपुर की विजिलेंस टीम ने उसे गिरफ्तार किया।