बीएचयू में जन्माष्टमी उत्सव के बाद राजाराम हॉस्टल के छात्रों के दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। देर रात हुई घटना में एक छात्र के सिर में चोट आई और उसे घायलावस्था में ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
मामले में पुलिस ने आधा दर्जन छात्रों पर मारपीट, जान से मारने की धमकी आदि का मुकदमा दर्ज कर लिया है। छात्रों ने एक दूसरे पर बाहरी छात्रों को बुलाने का आरोप लगाया है। उधर सोमवार को देर शाम चीफ प्रॉक्टर ने हॉस्टल से जुड़े अधिकारियों को बाहरी छात्रों को चिह्नित कर कार्रवाई करने की बात कही।
विश्वविद्यालय में रविवार की रात को जन्माष्टमी उत्सव पर मामूली बात को लेकर हुई मारपीट से आधे घंटे तक अफरा तफरी का माहौल रहा। घटना में छात्र शशांक शेखर का सिर फट गया और उसका ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है। राजाराम हॉस्टल में रहने वाले के छात्र शशांक शेखर की तहरीर पर लंका पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
लंका इंस्पेक्टर ने बताया कि शशांक की तहरीर पर छह नामजद (शिखर श्रीवास्तव, रुपेश तिवारी, प्रियांशु, आलोक कुमार, स्वप्निल शुक्ला समेत छह) और 20 अज्ञात पर जानलेवा हमला, बलवा सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
चीफ प्रॉक्टर प्रो. रोयाना सिंह का कहना है कि मारपीट के मामले की जांच फैक्ट फाइडिंग कमेटी करेगी। कमेटी की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। छात्रावास में रहने वाले अवैध छात्रों को चिह्नित कर कार्रवाई की बात संबंधित एडमिन वार्डेन से कही गई है। रुइया हॉस्टल के भी कुछ छात्रों की इस घटना में शामिल होने की चर्चा थी लेकिन कोई छात्र इस घटना में शामिल नहीं था।