बनारस में पर्यावरण कुंभ का उद्घाटन करने आए उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि जब चुनाव आता है तब राहुल गांधी को अपना गोत्र, जाति, जनेऊ, मंदिर और मस्जिद याद आता है। बाएं हाथ से आरती करना याद आता है। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति को अपना प्रमाण जनेऊ पहनकर, अपना गोत्र बताकर देना हो, ये दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्हें आज तक अपने दादा फिरोज गांधी का नाम लेते नहीं सुना गया। राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि आप सबका नाम तो लेते हैं, कभी अपने पिता के पिता का नाम लेते नहीं सुना। इसका आशय ये है कि आप अपने पूर्वज को अपने वंश से अलग कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हम श्राद्ध करते हैं तो अपनी चार पीढ़ियों का नाम लेते हैं। हां ये अलग बात है कि राहुल गांधी को कभी श्राद्ध कर्म करते नहीं देखा गया। न रक्षाबंधन पर राखी बांधते और ना ही दीपावली पर गणेश लक्ष्मी की पूजा करते हैं।
हां, 25 दिसंबर और नया साल वो विदेशों में जरूर मनाते हैं। मंदिर मस्जिद, गोत्र की बातें उन्हें चुनाव के वक्त ही इन्हें याद आती है। किसानों के आंदोलन के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि किसानों को भ्रमित किया जा रहा है। विपक्षी दलों में बेचैनी है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों के लिए, कृषि क्षेत्र के लिए सबसे ज्यादा काम किया है।