डिंपल को देखने के लिए युवा बेकाबू हुए, पुलिस ने लाठी पटकी
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी और सासंद डिंपल यादव ने कहा है कि सपा की बढ़त देखकर विपक्षी दलों की खिसियाहट बढ गई है, और मंच पर जहर उगल रहे हैं। समाजवादी एंबुलेंस सेवा में समाजवादी शब्द लिखे होने पर भाजपा के लोग आपत्ति जता रहे हैं।
हम समाजवादी नहीं लिख सकते तो यह बताएं दो हजार के नोट पर कमल और हाथी का निशान क्यों है? वह रविवार को जौनपुर जिले के शाहगंज और बदलापुर विधानसभा क्षेत्र में सभा को संबोधित कर रही थीं।
उधर, डिम्पल को देखने के लिए युवाओं का क्रेज इतना रही कि वह पेड़ों पर चढ़ गए जबकि बदलापुर में बेकाबू भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस को लाठी तक पटकनी पड़ी। बदलापुर विधानसभा क्षेत्र के श्रीगणेश राम इंटर कालेज बटाऊवीर में जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद डिंपल यादव ने कहा कि कहते थे नोटबंदी से आतंकवाद रुक जाएगा। क्या आतंकवाद रुका?
महिला अपराध में यूपी देश में 28वें नंबर पर हैं। हम विकास कर रहे और यह लोग बदनाम कर रहे हैं। हम बच्चों को क से कसाब नहीं क से कंप्यूटर पढ़ाना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनी तो एक फोन पर डाक्टर तो मरीज के घर पहुंचेगा ही साथ ही दवा भी पहुंचेगी। पीएम का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि जनता में विकास की बजाय मतभेद की बात करते हैं जबकि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश में जमीनी विकास किया है।
उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनी तो समाजवादी पेंशन की धनराशि 500 से 1000, किसान दुर्घटना बीमा के तहत मिलने वाली धनराशि पांच लाख से बढ़ाकर सात लाख, छोटे बच्चों और गर्भवती महिला को एक किलो घी तथा दूध दिया जाएगा।