मधुमेह रोगियों के लिए एक खुशखबरी है। समृद्ध भारत न्यास की ओर से शहर के दुर्गाकुंड स्थित उपेंद्र नगर कॉलोनी में श्रीवेदम अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र का उद्घाटन सोमवार को बीएचयू आईएमएस के पूर्व निदेशक प्रो. राणागोपाल सिंह ने किया।
दस बेड के अस्पताल में मधुमेह रोगियों के बेहतर इलाज के साथ ही उन्हें जड़ी बूटी के मिश्रण से तैयार मधुमेह मुक्ति काढ़ा दिया जाएगा। प्रो. सिंह ने बताया कि जड़ीबूटी से तैयार काढ़े के साथ ही दवाइयों का कोई दुष्प्रभाव नहीं होता है।
अस्पताल की ओर से नि:शुल्क काढ़ा दिए जाने के पहल की सराहना की। न्यास के प्रधान न्यासी डॉ. वाचस्पति त्रिपाठी और प्रधान चिकित्सक एवं निदेशक डॉ. श्रीपति त्रिपाठी ने बताया कि मधुमेह अनियंत्रित जीवन शैली का परिणाम है।
डॉ. वाचस्पति ने कहा कि मधुमेह मुक्त भारत का सपना साकार करने की दिशा में यह अनूठी पहल है। अस्पताल में सुबह 10 से 2 बजे तक और शाम को 5 से 8 बजे तक ओपीडी के साथ ही पंजीकृत मरीजों को हर दिन नि:शुल्क काढ़ा दिया जाएगा। इस दौरान प्रो. यामिनी भूषण त्रिपाठी, डॉ. एसके तिवारी, डॉ. एनपी तिवारी, आलोक उपाध्याय, अनूप शर्मा मौजूद रहे।