रामनगर । अरसे से रामनगर में धोबी समाज के लोग अपना खुद का घाट होने का सपना संजोए हुए थे। ताकि वो खुद तथा खुद के परिवार का भरण पोषण कर सकें। जल्द ही उनका यह सपना मूर्त रूप लेने जा रहा है। नगर के महता पोखरे पर धोबी घाट के निर्माण के लिए एलएलसी लक्ष्मण आचार्य ने बृहस्पतिवार को शिलान्यास किया। अवस्थापना निधि से होने वाले इस घाट का निर्माण वीडीए कराएगा। न सिर्फ घाट का निर्माण होगा बल्कि इसे सीवर लाइन से भी जोड़ा जाएगा।
इस दौरान विधायक सौरभ श्रीवास्तव और पालिकाध्यक्ष रेखा शर्मा बतौर अतिथि उपस्थित थीं। इस दौरान एमएलसी ने कहा कि धोबी समाज की बहुत बड़ी जरूरत अब पूरी होने जा रही है। भगवान राम के समय से समाज के लोग सेवा भाव के लिए जाने जाते हैं। इसी सेवा भाव का पुरस्कार धोबी घाट का निर्माण है। अब उन्हें अपनी रोजी रोटी के लिए दर दर भटकने की जरूरत नहीं होगी। इस दौरान धोबी घाट बचाओ समिति के जिलाध्यक्ष राकेश कन्नौजिया, पनारू कन्नौजिया, दीपक कन्नौजिया, बरसाती, राजेंद्र, प्रमोद, भैया लाल कन्नौजिया, सभासद हरिशंकर सिंह, राजेन्द्र शंकर सिंह, संतोष द्विवेदी, सृजन श्रीवास्तव, जितेंद्र पांडेय, अशोक जायसवाल आदि उपस्थित थे।