श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के नव्य-दिव्य स्वरूप में आने के बाद बाबा के प्रसाद की मांग बढ़ गई है। डाक विभाग के ई मनीऑर्डर के माध्यम से देश-विदेश में बैठे श्रद्धालु बड़ी संख्या में प्रसाद मंगा रहे हैं। डाक विभाग और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट के बीच समझौते के तहत प्रसाद देश भर में स्पीड पोस्ट सेवा से पहुंचाया जा रहा है।
जून 2020 में नए स्वरूप में शुरू इस सेवा के तहत अब तक दो साल में करीब साढ़े चार हजार लोगों को प्रसाद उपलब्ध कराया जा चुका है। 10 लाख 13 हजार रुपये का राजस्व भी डाक विभाग को मिला है। पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि इस अवसर पर एक विशेष पोस्टर भी जारी किया गया। जिसे वाराणसी में सभी डाकघरों में लगवाने के साथ ही देश भर के प्रमुख डाकघरों में लगाने के लिए भेजा जाएगा। ताकि देश भर में बैठे लोग बाबा का प्रसाद मंगा सके। प्रसाद की सबसे अधिक मांग कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तराखंड से आती है।