वाराणसी। श्री राणीसती दादी होली महोत्सव रविवार को रामकटोरा स्थित श्रीराणीसती दादी धाम में उल्लास के साथ मनाया गया। भक्तों ने दादी संग फूलों की होली खेली। दादी का शृंगार हुआ। गुलाब की पंखुड़ियों की बौछार के बीच भजन संध्या में मां की माहिमा का गान किया। श्री राणी सती मंदिर में 101 किलो गुलाब के फूल से होली खेली गई।
श्री राणी सती मंडप और शिव परिवार शिवालय में रंग-बिरंगे फूलों और पत्तियों से शृंगार और सजावट की गई थी। भजन संध्या का शुभारंभ प्रसिद्ध गायिका सुमन अग्रहरि ने श्री राणी सती दादी को समर्पित होली गीतों से किया। गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा होती रही। श्री राणी सती श्याम भक्त मंडल के कई कलाकारों ने श्याम बाबा, कृष्ण राधा व राणी सती दादी को समर्पित भजन प्रस्तुत किए। अतिथि कलाकारों का स्वागत संजय झुनझुनवाला, निधिदेव अग्रवाल ने अंगवस्त्रम से किया। इस मौके पर जगदीश सरावगी, रवि बूबना अरविंद जैन, शरद शाह आलोक मोदी आदि रहे।