काशी के 84 से अधिक घाटों, कुंडो और तालाबों पर इस साल योगी सरकार की तरफ से और जन सहभागिता के जरिए 12 लाख से अधिक दीप टिमटिमाएंगे। पर्यटन विभाग के डिप्टी डायरेक्टर राजेंद्र कुमार रावत ने बताया कि 12 लाख दीयों में ढाई से तीन लाख दिये गाय के गोबर से बने होंगे। गंगा पार रेत पर भी दीपक जलाए जाएंगे। घाट के पूर्वी क्षेत्र गंगा की रेत का इलाका भी पूरी तरह रोशनी से जगमग होगा। इसके अलावा घाटों की साफ-सफाई होगी और घाटों को फसाड लाइट और इलेक्ट्रिक लाइट से रोशन किया जाएगा।
डिप्टी डायरेक्टर पर्यटन ने बताया कि लेजर शो के माध्यम से घाट पर गंगा अवतरण व शिव महिमा की कहानी दिखाई जाएगी। गंगा पार रेत पर प्रदूषण रहित ग्रीन आतिशबाजी का भी शो किया जाएगा। यह पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देगा। देव दीपावली पर काशी की इस अनोखी छटा को देखने के लिए देश विदेश से पर्यटक आते हैं। देव दीपावली पर होटल, गेस्ट हाउस, नाव, बजड़ा, बोट व क्रूज सभी फुल हो जाते हैं।