बीएचयू के फाइन आर्ट्स के छात्रों की ओर से गंगा घाटों के किनारे दीवारों पर बनाई जा रही काशी की संस्कृति की झलकियां भी पर्यटकों को लुभाएंगी। बूंदीपरकोटा घाट, गुलेरिया घाट और मुंशी घाट सहित आसपास के घाटों पर छात्रों से चित्रकारी करवाई जा रही है। काशी की गलियों को रंगों से चित्रों को उकेरा जा रहा है।
देव दीपावली पर काशी में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते कमिश्नरेट पुलिस ने त्रिस्तरीय सुरक्षा का खाका खींचा है। पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने मातहतों संग बैठक कर दिशानिर्देश दिए। बताया कि गंगा घाटों पर ड्रोेन कैमरे प्रतिबंधित रहेंगे। यदि कोई पकड़ा गया तो उसके खिलाफ धारा 144 के अंतर्गत कार्रवाई होगी। इसके लिए डीसीपी काशी और वरुणा जोन को निर्देशित किया गया है। निगरानी व्यवस्था के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी।
पढ़ें: देव दीपावली पर दुल्हन की तरह सजेगी काशी, एयरपोर्ट पर यात्रियों का होगा भव्य स्वागत, रेलवे स्टेशन पर सजेगी रंगोली
नगर आयुक्त ने घाटों, गलियों और मार्गों के निरीक्षण के लिए 96 अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती कर दी है। जो गुरुवार शाम से देव दीपावली तक प्रतिदिन अपने आवंटित क्षेत्र में भ्रमण करेंगे। इस दौरान गड्ढा, पैचवर्क, साफ-सफाई, पेयजल, सीवरेज लीकेज, छुट्टा पशुओं, स्ट्रीट लाइटों का निरीक्षण कर संबंधित विभाग को रिपोर्ट करेंगे। इस कार्य का नोडल अधिकारी अपर नगर आयुक्त सुमित कुमार को बनाया है।
नगर निगम की टीम ने खिड़किया घाट से अस्सी घाट तक भ्रमण किया। इस दौरान नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने कहा कि रविदास से नमो घाट तक सिल्ट हटाने के लिए 90 पंप लगाए गए। 84 घाटों का संपर्क मार्ग चालू किया जा रहा है। सिल्ट सफाई के अलावा घाटों पर जमा कूड़े पर गंगा में बहकर आने वाले मलबों को हटवाया जा रहा है। शुक्रवार से पानी के बजाय हाथों से सफाई होगी, ताकि बचे दिनों में मिट्टी कड़ी हो जाए और किसी प्रकार की दिक्कत न हो।