सूबे के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश में सरकार बनने के बाद पुलिस को अपराधियों और भू माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की पूरी छूट दी गई है। अरबों खरबों की जमीन खाली करा दी गई। अपराधी यमलोक भेजे जा रहे हैं।
केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को बलिया के सिकंदरपुर कस्बा के बढ्ढा मैदान में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश में भाजपा की सरकार है अगर नगर पंचायतों में भाजपा के चेयरमैन होंगे तो विकास कार्य तेजी से होगा।
जब से केंद्र में मोदी जी और प्रदेश में योगी जी के नेतृत्व में सरकार बनी हैं पूरे देश व प्रदेश में तेजी से विकास हो रहा है। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में किसी को विश्वास नहीं था कि 325 सीटों पर कमल खिलेगा।
सपा, बसपा और कांग्रेस मिलकर भी नहीं रोक पाई जनता के हितों की रक्षा चिंता व जीवन परिवर्तन करने वाली पार्टी भाजपा है। किसानों का कर्ज माफ, भूमाफियाओं पर कार्रवाई, महिलाओं की सुरक्षा का ख्याल किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश में सरकार बनते ही गेहूं की खरीद बड़े पैमाने पर की गई।
धान की खरीदारी भी बड़े पैमाने पर की जाएगी। प्रशासन को आगाह किया कि पैसे व शराब के बल पर चुनाव नहीं होने चाहिए। भयमुक्त वातावरण में चुनाव आचार संहिता का पालन कराते हुए चुनाव होने चाहिए।
पूरे प्रदेश के नगर निगमों निकायों व नगर पंचायतों में भाजपा का कब्जा होगा, विरोधियों का सूपड़ा साफ हो जाएगा। मोदी जी के विकास के रथ को रोकने के लिए सपा, बसपा, कांग्रेस गठबंधन कर रही हैं। लेकिन इससे कोई फायदा होने वाला नहीं है। जनता अब जाग चुकी है।
कांग्रेस सपा बसपा के बहकावे में आने वाली नहीं है। केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा प्रत्याशियों को भारी मतों से जीत दिलाने की अपील कार्यकर्ताओं से किया। इस मौके पर राज्यमंत्री उपेंद्र तिवारी, सांसद रवींद्र कुशवाहा, विधायक संजय यादव, पूर्व मंत्री राजधारी सिंह आदि मौजूद थे।