यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कटिंग मेमोरियल ग्राउंड में आयोजित विकास प्रदर्शनी की फीता काटकर उद्घाटन किया और केंद्र सरकार के दस और राज्य सरकार के आठ साल पूरे होने पर बातचीत की। इस दौरान इन्होंने कहा कि 8 साल में काशी में 40 हजार करोड़ की 458 परियोजनाएं पूरी हुई हैं और 15 हजार करोड़ की निर्माणाधीन हैं।
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि काशी के विकास की चिंता हम-आप जितनी करते हैं, उससे ज्यादा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को है। काशी में विकास के लिए सरकार ने खजाने का मुंह खोल रखा है। पिछले आठ साल में काशी में 40 हजार करोड़ से 458 परियोजनाएं पूरी हुई हैं। 15 हजार करोड़ की परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं।
विज्ञापन
केंद्र सरकार के दस साल और प्रदेश सरकार के आठ साल पूरे होने पर डिप्टी सीएम ने केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से बात की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। 2017 से पहले यूपी में गुंडे और माफियाओं का राज था। हमारी सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के दिखाए मार्ग पर चल रही है।
सपा शासन में प्रदेश के कुछ ही जिलों में ही बिजली आती थी, अब सभी जनपदों को समान रूप से बिजली मिल रही है। ट्रांसफाॅर्मर जल जाए तो अब कमीशन नहीं देना पड़ता, एक शिकायत पर बदल जाता है। प्रधानमंत्री राजीव गांधी संसद में गर्व से कहते थे कि वह एक रुपये भेजते हैं तो पंद्रह पैसा ही लोगों तक पहुंचता है, लेकिन मोदी सरकार ने इसे बदल दिया। डिजिटल तरीके से पूरी राशि लोगों के खाते में पहुंच रही है।
विज्ञापन
बोले- केंद्र में 2047 तक रहने वाली है भाजपा सरकार
डिप्टी सीएम ने कहा कि सपा, बसपा, कांग्रेस मिलकर लड़ें, फिर भी यूपी में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनेगी। 2047 तक केंद्र में भाजपा सरकार रहने वाली है। काशी को लेकर कहा कि 2014 से पहले काशी बदहाल अवस्था में था, लेकिन आज आप सभी देख रहे हैं कि कैसे चहुंओर विकास हुआ और हो रहा है।