बनारस और आसपास के जिलों में डेंगू का प्रकोप बढ़ने से प्लेटलेट्स के लिए मारामारी की स्थिति हो गई है। प्लेटलेट्स की मांग बढ़ने से आईएमए और दीनदयाल अस्पताल के ब्लड बैंक में लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। इस बीच स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को हर दिन की रिपोर्ट देने को कहा गया है।
बीएचयू ब्लड बैंक में आम दिनों की तुलना में प्लेटलेट्स की मांग बढ़ी है। सप्ताह भर पहले यहां से 15 से 20 यूनिट प्लेटलेट्स जाते थे, एक सप्ताह में यह संख्या बढ़कर 30 यूनिट तक पहुंच गई है। आईएमए ब्लड बैंक में आम दिनों में 20 से 30 यूनिट प्लेटलेट्स की मांग थी, पिछले सप्ताह यह संख्या बढ़कर 60 से 80 यूनिट पहुंच गई है। सचिव डॉ. एसपी सिंह ने कहा- कोशिश की जा रही है कि सभी जरूरतमंदों को समय से प्लेटलेट्स मिल जाएं। इसके लिए कर्मचारियों को सजगता बरतने को कहा गया है। दीनदयाल अस्पताल के ब्लड बैंक में भी गुरुवार को प्लेटलेट्स लेने वालों की भीड़ लगी रही।
बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल के न्यू मेडिकल वार्ड, आईसीयू, एसीयू में 38 डेंगू पीडि़ताें का इलाज चल रहा है। दीनदयाल अस्पताल के डेंगू वार्ड में पांच मरीज भर्ती हैं। यहां की पैथालॉजी में गुरुवार को 89 मरीजों के सैंपल लिए गए, जिनकी रिपोर्ट आनी है। रामनगर के शास्त्री अस्पताल में बने डेंगू वार्ड में एक मरीज का इलाज चल रहा है। पूर्वोत्तर रेलवे के मंडलीय अस्पताल लहरतारा में पिछले एक सप्ताह में डेंगू से पीडि़त सात मरीज भर्ती हुए हैं। अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. टी. गुप्ता ने बताया कि डेंगू के सातों मरीजों को डेंगू वार्ड में रखा गया है।