नवागत जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने मंगलवार को कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल पहुंचकर यहां भर्ती मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। अस्पताल की इमरजेंसी से लेकर डेंगू वार्ड, सामान्य वार्डों में भर्ती मरीजों से भी बातचीत करने के साथ ही चिकित्सकों को मरीजों का बेहतर इलाज करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने इस दौरान सोमवार को मालवीय पुल के फुट ओवरब्रिज की रेलिंग टूटने के बाद भर्ती घायलों का भी हालचाल जाना।
जिलाधिकारी सबसे पहले इमरजेंसी कक्ष पहुंचे। यहां मौके पर मौजूद चिकित्सकों, कर्मचारियों से मरीजों के जांच, इलाज आदि की जानकारी ली। इसके बाद सर्जिकल वार्ड में भर्ती मरीजों से उनका कुशलक्षेम पूछा। यहां किडनी की समस्या से ग्रसित होकर इलाज करा रहे मरीज कलामुद्दीन ने बुधवार को डायलिसिस होने की जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने इस दौरान महिला वार्ड, बच्चा वार्ड, ब्लड बैंक और ब्लड प्रासेसिंग लैब, ओटी, आक्सीजन प्लांट, सर्जिकल वार्ड तथा ओपीडी कक्षों में भर्ती मरीजों के जांच, इलाज के बारे में सीएमओ से जानकारी मांगी। साथ ही यह भी कहा कि चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ की समय से उपस्थिति के साथ ही मरीजों के इलाज में किसी तरह की कोताही नहीं बरतनी चाहिए।