बलिया में वायरल के प्रतिदिन 120 से 125 मरीज जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। डेंगू के अब तक 45 मरीज मिल चुके हैं, कोई मौत नहीं हुई है। मऊ में डेंगू, मलेरिया का एक भी केस नहीं है। गाजीपुर में डेंगू के आठ और मलेरिया का एक मरीज मिला है। पिछले दस दिनों में बुखार के 3404 मरीज मिल चुके हैं। आजमगढ़ में डेंगू के पांच मरीज हैं। सीएमओ डॉ. आईएन तिवारी के अनुसार जांच से लेकर इलाज तक की पूरी व्यवस्था उपलब्ध है। वर्तमान में मलेरिया का कोई रोगी नहीं है वहीं बुखार पीड़ितों की संख्या में भी काफी कमी आ गई है।
सोनभद्र में अब तक डेंगू के 32 मामले सामने आए हैं। दो का उपचार चल रहा है। जिला अस्पताल में दस बेड का वार्ड बनाया गया है। सीएचसी पर तीन-तीन बेड आरक्षित हैं। कुल 69 सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। वायरल बुखार के रोजाना 10-12 केस आ रहे हैं।
जौनपुर में डेंगू के मरीजों की संख्या 40 पहुंच गई है। एक सप्ताह में 10 नए डेंगू के मरीजों की पुष्टि हुई है। भदोही में अब तक 11 मरीज डेंगू के मिले हैं। सभी का इलाज चल रहा है। जिला अस्पताल राजा चेत सिंह व राजा बलवंत सिंह में 10-10 बेड बनाए गए हैं। सीएचसी में पांच-पांच बेड है। डेंगू से कोई मौत नहीं हुई है। मलेरिया के 13 मरीजों की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को हुई है।