बीएचयू में अभाविप कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन।
- फोटो : अमर उजाला
बीएचयू में ऑफलाइन कक्षाएं चलवाने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कुलपति आवास पर मुंह पर काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कुलपति से कक्षाएं चलवाने के साथ ही छात्रावास आवंटन के बारे में भी जल्द से जल्द निर्णय लेने की मांग की।
विश्वविद्यालय खोले जाने और ऑफलाइन कक्षाएं चलाने की मांग के लिए सात फरवरी से ही विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता कुलपति आवास के सामने अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। दूसरे दिन मंगलवार को भी कार्यकर्ता धरने पर बैठे रहे।
कुलपति आवास पर प्रेसवार्ता में परिषद इकाई के अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय पिछले दो सालों से आंशिक रूप से बंद है। अब जबकि देश के अधिकांश विश्वविद्यालय खुलने लगे हैं। ऐसे में बीएचयू को खोले जाने का निर्णय नहीं लिया जा सका है।
इससे छात्रों को नुकसान हो रहा है। इकाई मंत्री पुनीत मिश्र ने कहा कि काशी हिंदू विश्वविद्यालय प्रशासन के पास विद्यार्थियों की समस्याओं को सुनने का समय नहीं है। जब तक मांगें नहीं मानी जाएंगी तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान सौरभ राय, अधोक्षज, आदित्य वर्धन, सत्य नारायण, शिवेंद्र, वैभव मीणा, राणा प्रताप आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।