सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा जनमन।
- फोटो : संवाद
मंगल पांडेय को भारत रत्न देने की भी मांग परिवहन मंत्री ने की जिस पर सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि मंगल पांडेय जैसे महानायक भारत रत्न से भी ऊपर हैं। अगर उन्हें यह सम्मान नहीं मिलेगा तो फिर किसे मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह वही धरती है जहां से अंग्रेजी शासन की जड़ें हिल गई थीं। बदलापुर के विधायक रमेश मिश्रा, राबर्ट्सगंज से भूपेश चौबे व बांदा के विधायक प्रकाश द्विवेदी ने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह की प्रशंसा की। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
अमर शहीद के इस कार्यक्रम को अगले वर्ष और भी भव्य रूप दिया जाएगा। मंत्री ने कार्यक्रम के दौरान दर्जनों पूर्व सैनिकों व क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों को अंगवस्त्रम व मोमेंटो देकर सम्मानित किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, सुनीता श्रीवास्तव, सोनी तिवारी, पूना सिंह, मृत्युंजय तिवारी, विवेक पाठक, रामनारायण बिंद, अंजनी पांडेय, दीपक पासवान आदि मौजूद रहे।
सांसद के गीतों पर झूमते रहे लोग
लोगों की मांग पर मनोज तिवारी ने कई गीत प्रस्तुत किए। मंच पर आते ही मनोज तिवारी ने धनि-धनि नगवां अंगनवा जहां मंगल लिहले जनमवा नू हो...गाकर लोगों में देशभक्ति के भाव को जगा दिया। इसके बाद ददरी के मेलवा, बाघ के करेजा, ओका, बोका, हां हम बिहारी हैं जी, थोड़े संस्कारी है जी......आदि कई गीत प्रस्तुत कर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
मंच पर अतिथियों का किया गया अभिनंदन।
- फोटो : संवाद
अब बदलाव चाहती है बंगाल की जनता : मनोज तिवारी
राजनीतिक मुद्दों पर भी मनोज तिवारी ने कहा कि बंगाल की जनता अब बदलाव चाहती है और वहां जल्द ही कानून का राज स्थापित होगा। उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र में सभी को बोलने का अधिकार है लेकिन देशभक्तों के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल दुर्भाग्यपूर्ण है। वहीं, अखिलेश यादव के विदेश नीति वाले बयान पर कहा कि पहले अपनी पार्टी की नीति स्पष्ट करें, फिर देश की नीति पर सवाल उठाएं। उन्होंने भारत की वैश्विक भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि देश आज शांति और स्थिरता का संदेश दे रहा है।
अमर शहीद की याद में हुआ चैता मुकाबला
गउरा के लाल रउवा के, पहिले बुलावत बानी..गायक सुदर्शन यादव ने जब गणेश वंदना शुरू की तो लोग झूमने पर मजबूर हो गए। नगर के कदमतल्ला चौराहे पर बुधवार की रात जरा याद करो कुर्बानी... के तहत दो गोला चैता का शानदार मुकाबला हुआ। शहीद मंगल पांडेय की स्मृति में यह मुकाबला बिहार के गायक सुदर्शन यादव और बलिया के प्रसिद्ध गायक स्वामीनाथ व्यास के बीच हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंगल पांडेय स्मारक समिति के अध्यक्ष शशिकांत चतुर्वेदी एवं मंत्री राजकुमार पांडेय ने किया। इसके बाद गायक स्वामीनाथ ने अपनी चैता गीत भरी-भरी गोलिया, खेलले खून के होलिया ए रामा मंगल पांडेय, बोले लगले जय हिंद के बोलिया.. सुनाकर लोगों में जोश भर दिया और खूब वाहवाही बटोरी। इस मौके पर अवधेश राय, परमात्मानंद पांडेय, सुधीर ओझा, सियाराम यादव, ओमप्रकाश पांडेय, बब्बन विद्यार्थी आदि लोगों ने कलाकारों को पुरस्कृत कर उनका हौसला बढ़ाया।