महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में छात्रसंघ चुनाव कराने के लिए छात्र लगातार दबाव बना रहे हैं। धरना प्रदर्शन के साथ ही छात्रों ने बुधवार को कुलपति से मुलाकात कर ज्ञापन भी सौंपा। छात्रों का कहना था कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने दिसंबर में चुनाव कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक चुनाव की तिथियों के बारे में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज प्रशासन पर शैक्षणिक कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए छात्रों ने कालेज प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। छात्रों ने बुधवार को मुख्य द्वार पर धरना दिया और कालेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
छात्रसंघ उपाध्यक्ष अमन यादव, महामंत्री नितिन यादव, पुस्तकालय मंत्री शक्ति साहनी ने प्राचार्य पर शैक्षणिक कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। छात्रों ने बताया कि नई शिक्षा नीति के तहत अब तक कालेज में नई पुस्तकें नहीं मंगाई गई हैं। कक्षाओं में लाइट और साफ सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं है।