सीएचएस में लॉटरी से दाखिले के फैसले का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। धरना, प्रदर्शन, बुद्धि-शुद्धि यज्ञ के बाद बृहस्पतिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं ने बीएचयू कुलपति आवास पर मौन प्रदर्शन किया। इसके माध्यम से विश्वविद्यालय प्रशासन से प्रवेश परीक्षा कराने की मांग की। छात्रों ने चेतावनी दी कि जल्द मांगें पूरी न होने पर भूख हड़ताल, अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन को बाध्य होंगे।
कुलपति आवास के सामने प्रदर्शन के बारे में विद्यार्थी परिषद बीएचयू इकाई के अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह ने कहा कि लंबे समय से प्रवेश परीक्षा के माध्यम से ही होते थे, लेकिन दो साल से कोरोना संक्रमण की वजह से लॉटरी, मेरिट आधारित व्यवस्था लागू की गई थी। अब संक्रमण कम हो गया है तो बीएचयू प्रशासन द्वारा लॉटरी से दाखिले का निर्णय लिया गया है, जो गलत है। परिषद के साथ ही छात्राें, अभिभावकों के साथ ही परिषद की ओर से कई बार मांग की जा चुकी है लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन मौन बना है। इस दौरान शिवेंद्र पांडेय, सौरभ राय, अधोक्षज पांडेय, आदित्य तिवारी, पल्लव सुमन, भास्करादित्य त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।