वाराणसी। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने समीक्षा बैठक में चेतावनी दी कि काम में लापरवाही पर विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ शासन में कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। परियोजनाओं में मानक का ध्यान नहीं रखने पर जल निगम और जल कल के अधिकारियों को फटकार लगाई। 30 अगसत से वाटर वे ट्रांसपोर्ट पर काम शुरू करने को कहा और 11 नावों में सीएनजी सिस्टम लगाकर ट्रायल का निर्देश दिया।
कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने आयुक्त सभागार में विकास परियोजनाओं के प्रगति की समीक्षा में विभिन्न राजमार्गों के चौड़ीकरण, वाटर वे ट्रांसपोर्ट, अंडर ग्राउंड विद्युतीकरण, जलापूर्ति, सीवरेज, स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज, लाइटिंग, आवास योजना, ग्रामीण ज्योति योजना, मल्टी स्टोरी पार्किंग निर्माण, कुकिंग गैस की पाइप लाइन बिछाने की योजना, सीस वरुणा एवं ट्रांस वरुणा योजना के कार्यों पर चर्चा की।
कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने बताया कि स्मार्ट सिटी में खिड़किया घाट को वाटर ट्रांसपोर्ट की दृष्टि से नोडल प्वाइंट के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां नावों में सीएनजी भरने, पर्यटक को हेतु जलमार्ग से भ्रमण हेतु टर्मिनल आदि विकसित होगा। गेल द्वारा कुकिंग गैस पाइपलाइन को तेजी से डालने के निर्देश दिए गए। रामनगर बंदरगाह 23 अगस्त से और तेजी से कार्य करने लगेगा। गोदौलिया में मल्टी स्टोरी पार्किंग का कार्य युद्ध स्तर पर कराने के निर्देश दिए।
आईपीडीएस योजना में विद्युत लाइनों के अंडरग्राउंड पर अंडरग्राउंड मानक के अनुरूप गहराई की हिदायत दी गई। शहर में अंडर ग्राउंड सर्विस लाइनों की डिटेल मांगी है। बैठक में डीएम सुरेंद्र सिंह, एडीएम प्रशासन राजेश कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।