वाराणसी के देवनाथपुरा क्षेत्र में पांडेय घाट स्थित कपाचीनो रेस्ट हाउस में रहकर तंत्र विद्या सीख रही अमेरिका की सिंथिया माइकल (38) की शुक्रवार को मौत हो गई। बताया जाता है कि अमेरिकी महिला की तबीयत बीते 15 दिनों से खराब थी और वह मेडिकल स्टोर से दवा लेकर खा रही थी। रेस्ट हाउस में इजरायल की रहने वाली महिला के अनुसार उनकी और अमेरिकी महिला की काशी में ही दोस्ती हुई थी। वह 22 जुलाई को काशी आई थी। इसके पहले जयपुर में अपने पेट दर्द की समस्या को लेकर एक अस्पताल में दिखाई थी। सिंथिया की तांत्रिक क्रिया में काफी रुचि थी। वह तांत्रिक क्रियाओं की साधना भी करती रहती थी।
शुक्रवार की सुबह छह बजे जब रेस्ट हाउस का एक कर्मचारी पानी लेकर कमरे में गया तो दरवाजा खुला था। अंदर से आवाज न आने पर दरवाजा खोल कर देखा तो सिंथिया बिस्तर पर पड़ी मिली। सूचना दशाश्वमेध थाने की पुलिस को दी गई तो थानाध्यक्ष राजेश सिंह मौके पर हमराहियों के साथ पहुंचे। दशाश्वमेघ थानाध्यक्ष ने बताया कि कमरे से पेट दर्द संबंधित दवा, छड़ी, पूजापाठ की किताबें, घंटी माला, दुर्गा प्रतिमा, पासपोर्ट, वीजा और कुछ पैसा बरामद हुआ। प्रकरण के संबंध में एलआईयू के माध्यम से नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास को सूचित कर दिया गया है। बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।