रात में परिजनों को फोन कर बताया कि विनोद को चक्कर आया और वह गिर गया है। उसे उपचार के लिए बदलापुर ले जाया गया है। पिता ने प्रदीप को फोन कर अस्पताल का पता पूछा तो उसने आने से मना करते हुए कहा कि वे लोग शव लेकर घर आ रहे हैं। कुछ देर बाद प्रदीप का भाई सोचन विश्वकर्मा वाहन से विनोद का शव लेकर घर पहुंचा।
पिता का आरोप है कि उनके बेटे के साथ कुछ गलत हुआ है। महराजगंज के कार्यवाहक थानाध्यक्ष मुरलीधर राव ने बताया कि पिता के प्रार्थना पत्र पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटनास्थल बक्शा थाना क्षेत्र में होने के कारण प्राथमिकी वहीं दर्ज होगी।
पत्नी और दो मासूम बच्चों के सामने भविष्य का संकट
महराजगंज। लाइट, जनरेटर और बिजली सजावट का काम करने वाले विनोद यादव की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके जाने से पत्नी, दो मासूम बच्चों और बुजुर्ग माता-पिता के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है।
विनोद तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। बड़े भाई अनिल यादव परिवार के साथ मुंबई में रहते हैं, जबकि मंझले भाई कल्लू भी रोजी-रोटी के सिलसिले में मुंबई में रहते हैं। वर्षों पहले उनकी पत्नी का निधन हो चुका था। ऐसे में विनोद अपने पिता के साथ गांव में रहकर खेती-बाड़ी के साथ जनरेटर, लाइट और बिजली सजावट का काम करते थे।
विनोद की मौत के बाद 23 वर्षीय पत्नी वंदना यादव का रो-रोकर बुरा हाल है। एक माह पहले ही उन्होंने दूसरे बेटे को जन्म दिया था। वह बार-बार यही कहते हुए बेसुध हो जा रही हैं कि मेरे राम आधे रास्ते में ही मेरा साथ छोड़ गए। चार वर्षीय बड़ा बेटा हिमांशु पिता को तलाशती निगाहों से देख रहा है, जबकि एक माह का छोटा बेटा शौर्य इस दुखद घटना से पूरी तरह अनजान है। पिता इस घटना से अवाक हैं तो मां राजदेई देवी का भी रो-रोकर बुरा हाल है।
कौन बनेगा परिवार का सहारा
विनोद की मौत के बाद सबसे बड़ा सवाल पत्नी वंदना और दोनों बच्चों के भविष्य को लेकर खड़ा हो गया है। बच्चों की पढ़ाई-लिखाई, परवरिश और परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी कौन उठाएगा, यह चिंता परिजनों को सता रही है। 23 वर्षीय पत्नी और दो मासूम बच्चों के सामने अब जिंदगी की लंबी राह और भविष्य की अनिश्चितता बड़ी चुनौती बन गई है।