यूपी के चंदौली में जीवनाथपुर रेलवे क्रासिंग के पास शुक्रवार सुबह लोग उस वक्त सन्न रह गए जब एक युवक और युवती का बिखरा हुआ शव देखा। दोनों की मौत ट्रेन से कटने के कारण हुई थी। दोनों के शवों के चिथड़े सौ फीट दूर तक बिखडे पड़े थे। शव मिलने की सूचना मिलते ही आस पास के गावों में सनसनी फैल गई।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को एकत्र किया पोस्टमार्टम के लिए भेजा। युवक-युवती की एक साथ मौत को लेकर तरह तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। शुक्रवार की सुबह सिंघीताली गांव के समीप ट्रैक मैन और ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक पर महिला और पुरुष का छत विक्षत शव देखा तो सन्न रह गए।
धीरे-धीरे यह बात पूरे इलाके में फैल गई। लोगों की भीड़ मौके पर पहुंच गई। सूचना पर अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। शवों के टुकड़ों को एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के मुताबिक, दोनों की उम्र 30 से 35 वर्ष के बीच है।
युवक नीले रंग की जींस और युवती पीले रंग की छींटदार साड़ी में है। हालांकि साड़ी ट्रैक में फंसी थी। दोनों के शव 50 मीटर की दूरी पर थे। ऐसा प्रतीत हो रहा था कि ट्रेन में फंसकर युवती का शव सौ मीटर तक घिसटा होगा।
सिर और धड़ अलग अलग होने की वजह से चेहरे के आधार पर दोनों की पहचान की कोशिश की जा रही है। युवती के माथे पर सिंदूर और हाथों की अंगुली में अंगूठी है। दोनों ने आत्महत्या की है या फिर कोई और माजरा है यह अभी साफ नहीं हुआ है। लोग अलग अलग कयास लगा रहे हैं।
सीओ सदर प्रदीप सिंह चंदेल ने कहा कि जांच पड़ताल जारी है। आस पास के गांवों में शिनाख्त कराने का प्रयास किया गया है लेकिन पहचान नहीं हो सकी है। मृतक कौन थे और आत्मघाती कदम क्यों उठाया, जांच का विषय है। दोनों प्रेमी युगल थे अथवा दंपती इस विषय में भी अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है।