वाराणसी के रोहनिया क्षेत्र के घमहापुर में सोमवार सुबह धान के खेत में युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी मच गई। सुबह में किसानों ने शव देखा तो पुलिस की सूचना दी। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। शरीर पर कहीं कोई चोट का निशान नहीं था। मृतक की शिनाख्त घमहापुर निवासी दिलीप पटेल (35) के तौर पर हुई।
घटनास्थल पर पहुंचे दिलीप के भाई दिनेश पटेल समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने बताया कि दिलीप रविवार सुबह छह बजे मंदिर जाने की बात बोलकर घर से निकला था। देर शाम तक घर नहीं लौटा। उसकी तलाश की गई लेकिन कुछ पता नहीं चला। सोमवार सुबह खेत में उसका शव मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
मौके पर एडीसीपी अमित कुमार, एसीपी विदुष सक्सेना, प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार अम्बष्ट भी पहुंचे और पीड़ित परिवार से बातचीत की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। दिलीप पटेल मजदूरी करता था। एडीसीपी अमित कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण साफ होगा।