सोनभद्र जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र के कुसी गांव में चंदौली से साढ़े चार माह पूर्व लापता बुजुर्ग का कुएं में शव मिला। शव सड़ गया था। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
कुसी गांव में बुधवार की अल सुबह कुछ लोगों ने जवाहिर सिंह के खेत में स्थित कुएं में एक व्यक्ति का शव उतराया देखा। सूचना पर पहुंचे हिंदुआरी चौकी इंचार्ज संजीव कुमार राय ने ग्रामीणों के सहयोग से शव को बाहर निकलवाया। वहां मौजूद रमेश कुमार पाल निवासी ग्राम विजयडीह बोम थाना चकरघट्टा जनपद चंदौली ने मृतक की पहचान अपने चाचा भोला पाल (53) के रूप में की।
पुलिस शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए जिला अस्पताल ले गई। रमेश ने बताया कि भोला पाल 12 मार्च को घर से लापता हो गए थे। उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना चकरघट्टा में दर्ज है। काफी खोजबीन करने के बाद भी उनका पता नहीं चला। क्राइम इंस्पेक्टर विद्या सागर ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर घरवालों को सुपुर्द कर दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का सही पता चल सकेगा।