काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के एमबीबीएस के लापता छात्र का शव मिर्जापुर जिले में गंगा घाट पर उतराता हुआ मिला है। उसके साथियों ने कपड़ों से उसकी शिनाख्त की। छात्र मंगलवार से गायब था। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है।
वाराणसी में बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल में इंटर्नशिप कर रहे एमबीबीएस के लापता छात्र नवनीत पराशर की बुलेट बुधवार को मिर्जापुर जिले के विंध्याचल थाने के पास बरामद हुई थी। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर छात्र विंध्याचल में दिखाई दिया था। जिसके बाद वाराणसी पुलिस ने मिर्जापुर पुलिस के साथ विंध्य की पहाड़ियों व गंगा नदी में खोजबीन शुरू कर दी थी।
नवनीत पराशर मंगलवार सुबह से धनवंतरि हॉस्टल से लापता था। मंगलवार की सुबह वह बुलेट से बाहर गया था, जिसके बाद वह वापस ही नहीं लौटा था। छात्रों ने उसकी खोजबीन की थी। न मिलने पर प्रॉक्टोरियल बोर्ड को सूचना देने के साथ ही लंका थाने में तहरीर दी थी।
काशी हिन्दू विश्वविद्यालय।
विंध्याचल कोतवाली क्षेत्र में थाने के पास मंगलवार की शाम को बुलेट बरामद हुई थी। बाइक बरामद होने के दौरान पुलिस ने बताया था कि छात्र ने मोटरसाइकिल कोतवाली गेट के सामने खड़ी करके मंदिर की सीढ़ी पर उसकी चाभी छोड़ दी और इसके बाद गंगा में नहाने चला गया था। फिर मंदिर की सीढ़ियों पर मत्था टेका। इसके बाद कुछ लोगों से बलि के बारे में चर्चा की और फिर गंगाघाट की तरफ चला गया। इसके बाद से उसे नहीं देखा गया। चर्चा है कि दो महीने पहले बनारस में किसी साधक से उनकी निकटता हुई थी।
इसके कारण उसका सांसारिक चीजों से मोहभंग होने लगा। लोगों के अनुसार, उसने मोबाइल, पैसा आदि किसी न किसी को दान दे दिया था। उसने मोटरसाइकिल भी दान देने की चेष्टा की। इन तमाम बातों से यही अनुमान लगाया जा रहा है कि वह पैदल ही कहीं साधना के लिए चला गया। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है। वह हर पहलू को देखकार छानबीन कर रही है।