कॉलेज के प्रबंधक ने बताया कि नितेश रविवार की शाम कॉलेज आया और बैग रखकर कहीं चला गया। काफी देर तक नहीं आया तो वो दूसरे छात्रों के साथ उन्हें ढूंढने निकला, रात 11 बजे तक उसका कहीं पता नहीं चला। उसके लापता होने की सूचना पुलिस को दी गई थी। सोमवार की सुबह सूर बाबा की कुटी स्थित पोखरी में युवक का शव मिलने की सूचना थाने से मिली।
जाकर देखा तो शव नितेश मिश्रा का था। पिता अशोक मिश्रा ने बताया कि बेटा कॉलेज में किसी से 100 रुपये लेकर दवा लाने के लिए निकला था। उसने फोन करके इस बात की जानकारी दी थी। कॉलेज से उसके लापता होने की सूचना मिली, फिर सुबह शव मिला। बताया किसी ने मारपीट कर बेटे की हत्या कर दी फिर शव पोखरी में फेंक दिया है।
गांव की महिलाओं ने पोखरी के बाहर चप्पल, मोबाइल और कपड़ा देखा। पोखरी में शव उतराया हुआ था। फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंचकर शव की शिनाख्त कर जिला अस्पताल भेजवाया गया है। पिता द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। - प्रमोद कुमार, थानाध्यक्ष, रानीपुर