अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पर चिता सज चुकी थी। अर्थी को चिता पर रखा ही जा रहा था कि मृतक के शरीर में हरकत होने लगी। वह सांस लेने लगा। यह देख वहां मौजूद सभी लोगों की आंखें फटी की फटी रह गई।
उसे अस्पताल ले जाया गया। वहां उसने फिर से दम तोड़ दिया। पूरी घटना बनारस में बुधवार को घटी। सड़क दुर्घटना में घायल मच्छरहट्टा निवासी विकास कन्नौजिया (22) की ककरमत्ता स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में उपचार के दौरान बुधवार को मौत हो गई। परिवार के लोग अंतिम संस्कार के लिए रामनगर के श्मशान घाट ले गए।
चिता पर रखते समय शरीर में हरकत होने लगी। मृतक के पिता महेंद्र कन्नौजिया आनन-फानन में उसे ट्रॉमा सेंटर ले गए । वहां पहुंचने पर विकास ने पुन: दम तोड़ दिया।
बुधवार की शाम को शव का अंतिम संस्कार किया गया। विकास कन्नौजिया रविवार की रात हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे ककरमत्ता स्थित निजी हास्पिटल में भर्ती कराया गया। बुधवार को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था।