उत्तर प्रदेश के जौनपुर में दर्दनाक हादसे में एक की मौत हो गई वहीं, एक अन्य घायल है। सोमवार तड़के हुई इस घटना में एक खड़े ट्रक में डीसीएम जा घुसी। जिसमें खलासी की मौत हो गई और चालक गंभीर रुप से घायल है।
नागपुर से संतरे लादकर डीसीएम ट्रक गोरखपुर की तरफ जा रहा था। रायबरेली-जौनपुर हाईवे इटहरा गांव के पास डीसीएम सोमवार करीब साढ़ें पांच बजे खड़ी ट्रक में जा घुसी। जिसमें डीसीएम के खलासी विनोद राजभर(35) की मौत हो गई। विनोद वाराणसी के चोलापुर के बेलागांव का निवासी था।
जबकि चालक सर्वेश कुमार (27)निवासी पनिहारी, चौबेपुर वाराणसी गंभीर रूप से घायल हो गया। भिड़ंत इतनी तेज थी कि लोग सहम गए। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो विनोद राजभर की सांसे चल रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से दोनों को वाहन से निकाला।
दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान खलासी विनोद राजभर की मौत हो गयी। जबकि चालक सर्वेश को जौनपुर के जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।