मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक गुरुवार को आसमान में बादल छाए रहे। हालांकि सुबह के समय आसमान साफ था। दिन में दोपहर तक आसमान में सूरज की रोशनी बनी रही और गुनगुनी धूप लोग सेंकते रहे। फिर दोपहर के समय मौसम ने करवट ली और आसमान में बादल छा गए। इसी के साथ ही ठंंडी हवाओं का दौर शुरू हो गया और लोग गर्म कपड़ों में नजर आने लगे।
मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात निवार के असर से बादलों का बंगाल की खाड़ी से यह असर हो रहा है। वहीं पहाड़ों पर लगातार हो रही बर्फबारी की वजह से मैदानी इलाकों तक ठंडक पहुंचने लगी है। इसी के साथ ही पुरवा और पछुआ हवाओं के मेल ने बादलों की सक्रियता के बीच ठंड और गलन को भी न्यौता दे दिया है। वातावरण में ठंडक के बीच बादलों की सक्रियता से बूंंदाबांदी का भी असर होने लगा है। मौसम विज्ञानी मान रहे हैं कि वातावरण से पर्याप्त नमी मिली तो बूंदाबादी होना तय है।
उत्तर से दक्षिणी भारत तक बादलों के चक्रवात के चारों ओर घेरा नजर आ रहा है। इसकी वजह से एक ओर जहां बादलों की सक्रियता बढ़ने के पूरे आसार हैं। जबकि, रात में बादलों की सक्रियता अधिक होने की वजह से गलन और ठिठुरन का दौर भी आ सकता है और सुबह कोहरे की चादर भी तनी रहने की उम्मीद है।