साइबर ठगी के प्रमुख तरीके (ऐसे होता है फर्जीवाड़ा)
फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ई-कॉमर्स जैसे कि प्रसिद्ध कंपनियों के मिलते-जुलते नकली वेबपेज और लुभावने विज्ञापन (जैसे- 3 सूट 149 रुपये में या ब्रांडेड कपड़ों पर 80-90 प्रतिशत छूट) दिखाए जाते हैं। व्हाट्सएप या एसएमएस के जरिये मुफ्त उपहार, शॉपिंग वाउचर या लकी ड्रॉ जीतने का मैसेज भेजकर मामूली डिलीवरी चार्ज या रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर ठगी की जाती है। त्योहारों पर ट्रेन, हवाई टिकट या होटल बुकिंग के नाम पर सोशल मीडिया ग्रुप के जरिये फर्जी एजेंट ठगी करते हैं।
ठगी होने पर तुरंत क्या करें
यदि आपके साथ ऑनलाइन ठगी होती है, तो बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तुरंत कॉल करें। आधिकारिक पोर्टल नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर जाकर तुरंत अपनी शिकायत दर्ज कराएं। अपने बैंक या संबंधित भुगतान सेवा प्रदाता को तत्काल इसकी सूचना दें ताकि पैसे को होल्ड किया जा सके। ठगी से जुड़े स्क्रीनशॉट, लेनदेन आईडी, वेबसाइट का यूआरएल और संदेश के रिकॉर्ड संभाल कर रखें, जो जांच में मदद करेंगे। 40 से 129 मिनट के अंदर शिकायत पर रकम होल्ड और वापसी की संभावना बढ़ जाती है। पुलिस कभी भी किसी को डिजिटल अरेस्ट नहीं करती है।
बचाव के लिए जरूरी सावधानियां
किसी भी लिंक पर क्लिक करने से पहले यूआरएल और डोमेन नाम ध्यान से देखें। वर्तनी में मामूली हेरफेर देखकर पहचानें। सोशल मीडिया के विज्ञापनों में दिए गए लिंक से सीधे खरीदारी करने के बजाय कंपनी का असली एप खोलकर या खुद ब्राउजर में वेबसाइट टाइप करके ऑफर की पुष्टि करें। यदि कोई बहुत महंगा इलेक्ट्रॉनिक सामान या उत्पाद बाजार कीमत से बहुत कम दाम में मिल रहा है, तो उस पर भरोसा न करें। अपना ओटीपी, यूपीआई पिन, कार्ड नंबर या पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें। पैसे प्राप्त करने के लिए कभी भी यूपीआई पिन दर्ज करने की आवश्यकता नहीं होती।
पुराने मोबाइल अपरिचित को न बेचें, जा सकते हैं जेल
अपर पुलिस उपायुक्त साइबर अपराध नृपेंद्र कुमार ने बताया कि पुराने फोन किसी अपरिचित को नहीं बेचें। आईएमईआई नंबर का उपयोग साइबर अपराध में हो रहा है। साइबर अपराधी पुराने फोन को कम दाम में खरीदकर, उनके आईएमईआई नंबर या सॉफ्टवेयर में फेरबदल करते हैं। इन फोन का उपयोग वित्तीय धोखाधड़ी या अन्य साइबर अपराधों के लिए किया जाता है।
पुराने फोन कभी भी किसी अनजान व्यक्ति, फेरीवाले या असत्यापित खरीदार को न दें। फोन बेचने से पहले उसका सारा डेटा पूरी तरह से रिसेट करें। खरीदार की पूरी पहचान (नाम, पता और आधार विवरण) और बिक्री की तारीख व आईएमईआई नंबर का लिखित रिकॉर्ड जरूर रखें। फोन खरीदने या बेचने से पहले उसकी प्रामाणिकता और आईएमईआई नंबर की जांच भारत सरकार के सीईआईआर पोर्टल पर करें।
बिजली बिल, केवाईसी अपडेट या पार्सल डिलीवरी के नाम पर व्हाट्सएप पर अज्ञात एपीके फाइलें डाउनलोड करने के लिए कहा जाता है, जिससे फोन का सारा डेटा और बैंक विवरण हैक हो जाता है। - नृपेंद्र कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त साइबर