संस्कृति मंत्रालय की ओर से काशी हिंदू विश्वविद्यालय में 17 से 24 दिसंबर तक आयोजित राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव में देश भर के कलाकार ही नहीं बल्कि युवाओं और स्कूली बच्चों की भी भागीदारी होगी। इस महोत्सव में देश के कलाकार जहां लोक कला, साहित्य, संगीत, नृत्य, नाट्य से लोगाें को परिचित कराएंगे वही युवाओं और बच्चों को बहुत कुछ सीखने समझने और अनुभव करने का भी मौका मिलेगा।
इस संस्कृति महोत्सव में गांधी स्मृति दर्शन के तहत अखिल भारतीय युवा प्रशिक्षण के तहत विशिष्ट डॉक्यूमेंट्री एवं एक्टिंग कार्यशाला आयोजित की जा रही है। नौवीं व 12वीं कक्षा की 400 छात्राओं के लिए खास तौर से ये कार्यशाला होगी। सात दिवसीय इस कार्यशाला में तहत लोकनृत्य, लोकगीत व सुगम संगीत की बारीकियों से उन्हें परिचय कराया जाएगा।
वहीं बच्चों के लिए चिल्ड्रेन फिल्म सोसाइटी मुंबई की ओर से बाल फिल्म महोत्सव भी खास होने जा रहा है। इसमें बीएचयू के केंद्रीय विद्यालय व सेंट्रल हिंदू स्कूल के बच्चों की भागीदारी होगी। उधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 22 दिसंबर के आगमन के मद्देनजर संस्कृति महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। कुलपति प्रो. जीसी त्रिपाठी ने बताया कि इस महोत्सव में हर आयोजन बेहद खास है। समय जरूर कम है लेकिन महोत्सव को पूरे शान के साथ आयोजित कराया जाएगा।