यूपी के जौनपुर में बदमाशों ने एक टाटा मैजिक के चालक की पिटाई कर मनबढ़ों ने उसे गाड़ी में बंद कर जिंदा जलाने की कोशिश की। पीड़ित चालक की तहरीर पर ब्लाक के कंप्यूटर आपरेटर मनोज सिंह और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
राजपुर रुखार गांव निवासी कमलेश यादव (34) पड़ाव से राजाबाजार तक टाटा मैजिक को सवारी गाड़ी के रुप में चलाता है। मंगलवार की रात साढ़े दस बजे वह घर जा रहा था कि नाहरपुर गांव के पास सिल्वर रंग की इनोवा कार और बाइक पर सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर उसे रोक लिया। दो बदमाश उसकी गाड़ी में सवार हो गए।
खतरा भांपकर कमलेश ने तेजी से गाड़ी आगे बढ़ाई तो बदमाशों ने हमला कर दिया। तब तक वह पेट्रोल पंप के पास पहुंच गया और उसने गाड़ी रोक दी। बदमाशों ने उसे बाहर खींचकर लोहे की राड से बुरी तरह पीटा और बाद में उसे मैजिक में बैठाकर गेट लाक कर दिया तथा पीछे की सीट पर पेट्रोल डालकर गाड़ी में आग लगा दी।
शोर सुनकर पेट्रोल पंप के कर्मचारी दौड़े तो बदमाश फरार हो गए। आरोप है कि भागते समय बदमाशों ने हवा में तीन राउंड फायरिंग भी की। लोगों ने चालक खींच कर गाड़ी से निकाला और सीएचसी बदलापुर ले गए जहां हालत नाजुक देख डाक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
मारपीट का कारण एक दिन पहले हुआ विवाद बताया जा रहा है। सोमवार की शाम को राजाबाजार रोड पर महराजगंज में एक बच्ची जीप की चपेट में आकर घायल हो गई थी। कमलेश घायल बच्ची को अस्पताल ले गया और इलाज कराकर लौटा था।
इस बीच चालक जीप लेकर भाग गया था। कमलेश ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि जीप ब्लाक के कर्मचारी मनोज सिंह के रिश्तेदार की थी। इस मामले में कमलेश और मनोज से कहासुनी भी हुई थी।