जौनपुर के टीडी कॉलेज के निकट एनसीसी ऑफिस के पास बदमाशों ने हुसेनाबाद निवासी छात्र पवन पांडेय को लक्ष्य कर गुरुवार की शाम कई राउंड गोलियां चलाई। संयोग अच्छा रहा कि छात्र पवन बाल बाल बच गया।
पवन ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए नामजद तहरीर दी है। दोनों पक्षों में पुरानी छात्र राजनीति को लेकर विवाद बताया जा रहा है।
गुरुवार की शाम करीब साढ़े सात बजे दो बाइक पर सवार तकरीबन 4-5 लोग टीडी कॉलेज के पास पहुंचे, जहां खड़े छात्र पवन पांडेय को लक्ष्य कर फायरिंग शुरू दी। पवन बाइक लेकर अनुपम होटल की तरफ भागा तो बदमाशों ने पीछा कर लिया लेकिन पवन भागकर थाने में घुस गया।
उधर बदमाशों ने हवा में भी फायरिंग कर दहशत फैला दी। जिससे साईं मंदिर में दर्शन करने आए लोग भी इधर-उधर भागने लगे। पूरा इलाका गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। सूचना पर सीओ सिटी नृपेंद्र भी पहुंच गए।
जहां फायरिंग हुई वहां कई पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों का आवास भी है। ठीक 50 मीटर की दूरी पर एसपी, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण भी रहते हैं। बदमाश इतने निडर थे, कि उन्हें न तो पुलिस चौकी का भय था और न ही भीड़भाड़ का। सीओ सिटी का कहना है कि तहरीर मिली है केस दर्ज किया जा रहा है।