चंद्रिका नगर कॉलोनी, सुद्धिपुर में मंगलवार रात एक मोटर मैकेनिक को सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार सवार बदमाश ने गोली मार दी। गोली मारने से पहले कार सवार बदमाशों ने मोटर मैकेनिक से कार सही से न चलाने की बात कहकर कहासुनी की थी।
घायल मोटर मैकेनिक को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टर ने उसकी हालत स्थिर बताई है। सीसी कैमरों की फुटेज की मदद से शिवपुर थाने की पुलिस कार और बदमाशों को चिह्नित करने का प्रयास कर रही है।
गांधी चबूतरा, बसही निवासी बनारस बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सतीश कुमार तिवारी ने अपनी कार रिपेयरिंग के लिए सुद्धिपुर निवासी मोटर मैकेनिक सोनू सोनकर को दी थी। रिपेयरिंग के बाद सोनू ने अपने साथियों अशोक सोनकर और गणेश के साथ कार को धक्का देकर स्टार्ट किया।
सुद्धिपुर पेट्रोल पंप के सामने से यू-टर्न लेकर वह चंद्रिका नगर कॉलोनी के सामने पहुंचा। रात लगभग 12.30 बजे वह कार लेकर गिलट बाजार की तरफ बढ़ा। उसी दौरान बाबतपुर की ओर से सफेद रंग की एक स्विफ्ट डिजायर कार आ रही थी। कार पर भारत सरकार लिखा था।
सोनू ने बताया कि उसकी कार के बगल में बाएं तरफ आकर वह कार रुकी। उसमें सवार दो युवकों ने कहा कि कार ठीक से चलाना नहीं आता है। इसके साथ ही दोनों गालीगलौज करने लगे। सोनू ने गालीगलौज का विरोध किया तो स्विफ्ट डिजायर कार में बाएं साइड की सीट पर बैठे एक युवक ने गोली चला दी।
गोली सोनू के बाएं कंधे पर लगी। इसके बाद गोली मारने वाले कार लेकर गिलट बाजार की ओर भाग निकले। सोनू के साथियों ने उसे मलदहिया के निजी अस्पताल और मंडलीय अस्पताल होते हुए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे।
इस संबंध में डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने बताया कि सीसी कैमरों की फुटेज से पता लगा है कि दोनों कार में हल्की टक्कर हुई थी। उसके बाद कहासुनी हुई और फायरिंग की गई। आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।