यूपी के गाजीपुर में एक शादी समारोह में आर्केस्ट्रा के दौरान एक युवक ने एक महिला डांसर को फरमाइशी गाने पर नाचने के लिए कहा। डांसर ने उसकी बात को अनसुना कर दिया। इसी बात को लेकर नशे में धुत युवक ने अपने दोस्त की लाइसेंसी रिवाल्वर से डांसर को गोली मार दी।
जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे बनारस के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गोली चलाने वाले युवक ने भागने की कोशिश की तो ग्रामीणों ने उसे दौड़ा कर पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की। नाराज ग्रामीणों ने बारात में आई कई गाड़ियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लिया।
जंगीपुर थाना क्षेत्र के बघोल गांव में सुहवल थाने के ताड़ीघाट निवासी अनिल राम के बेटे की बारात प्रेमराम के घर आई थी। बारातियों के लिए लड़की वालों ने आर्केस्ट्रा का आयोजन किया था।
इसी बीच बराती पक्ष से आए राजेंद्र राम ने महिला डांसर को फरमाइशी गाने पर डांस करने को कहा। इसके लिए उसने आर्केस्ट्रा मालिक से भी ऐसा कराने की बात कही।