युवक ने एक भुट्टा चुनकर राम बिलास को दिया कि इसे भूनकर दो। राम विलास ने भुट्टा भूनकर युवक को दे दिया। युवक ने उसे खाया और विक्रेता को बीस रुपये का नोट दिया। राम बिलास ने एक भुट्टे की कीमत 15 रुपये काटकर युवक को पांच रुपये लौटाए।
युवक ने उसे केवल दस रुपये लेने को कहा और दस रुपये वापस मांगने लगा। दुकानदार ने कहा कि वह महंगी दर पर बलिया वाला अच्छा भुट्टा खरीदकर लाया है। महंगे कोयले पर भूनने के बाद उसे दस रुपये में बेचने पर उसे घाटा होगा। इसी बात को लेकर दोनों में तकरार होने लगी।
आरोप है कि आपा खोए युवक ने इसी बीच कोई भारी वस्तु उठाकर राम विलास के चेहरे पर दे मारी। वह भारी वस्तु राम बिलास की आंख पर जा लगी। जिससे उसे गंभीर चोट लग गई और उसकी आंखों से खून की धारा बहने लगी। अप्रत्याशित रूप से हुए इस हमले से राम बिलास जमीन पर गिरकर छटपटाने लगा। हमला करने के बाद युवक वहां से भाग निकला।
इस घटना से खटिक बस्ती के लोग आक्रोशित होकर घटना स्थल पर शोर-शराबा करने लगे। इधर किसी ने घटना की जानकारी पुलिस को दे दी। कुछ ही देर में मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद घायल की हालत चिंताजनक देख डॉक्टरों ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। परिजनों ने उसे एक निजी अस्तापल में भर्ती कराया है। इस बाबत एसओ रुद्रभान पांडेय का कहना है कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है, पता करता हूं।