‘ISIS पाकिस्तान जिंदाबाद...। 24/3/17 को पूर्वांचल में तबाही...बचा सकते हो तो बचा लो...। हमारे यूपी में 2000/- जवान हैं...। अबकी बार यूपी में करे के बार...। हमारा फोकस उत्तर प्रदेश, 786...।’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के मिर्जामुराद बाजार में बुधवार सुबह नेशनल हाईवे के किनारे स्थित सार्वजनिक धर्मशाला के समीप ये धमकी वाले चार पर्चे मिले तो पुलिस और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।
आनन-फानन में मिर्जामुराद थाने में अज्ञात के खिलाफ राजद्रोह (आईपीसी की धारा 124-क) का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस के साथ ही खुफिया एजेंसियां मामले की तफ्तीश में जुट गई हैं।
वाराणसी शहर में गंगा घाटों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, एयरपोर्ट, होटलों, धर्मशालाओं, गेस्ट हाउसों, पुलों और रेलवे ट्रैकों पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
गौर गांव का महेश बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे पैदल मिर्जामुराद बाजार स्थित अपनी फुटवियर की दूकान खोलने जा रहा था। सार्वजनिक धर्मशाला के समीप पहुंचा तो नाले के किनारे उसे सफेद कागज पड़ा दिखा।
उसने कागज देखा, जिस पर नीले रंग की बॉल पेन से ‘आईएसआईएस पाकिस्तान जिंदाबाद’ और 24 मार्च को पूर्वांचल में तबाही की बात लिखी थी। यह बात उसने आसपास के दूकानदारों को बताई। इस पर अन्य दूकानदार धर्मशाला के पास पहुंच गए। अनहोनी के अंदेशे में दूकानदारों ने खोजबीन की। लगभग दस मीटर के दायरे में दो और धमकी भरे पर्चे मिले। थोड़ी ही देर में यह बात पूरे बाजार में फैल गई।
सूचना पाकर पुलिस पहुंची और खोजबीन शुरू की तो दिन में करीब 11:30 बजे एक और धमकी भरा पर्चा धर्मशाला के समीप ही नाले के भीतर से मिला। सीओ बड़ागांव प्रशांत वर्मा, आईबी के एएसपी एसके रस्तोगी और एलआईयू के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
धर्मशाला के आसपास और नाले के दोनों तरफ लगभग एक किलोमीटर के दायरे में काफी देर तक तलाशी की गई लेकिन कोई अन्य पर्चा नहीं मिला।
बाद में थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह की तहरीर पर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। बाजार में पुलिस तैनात कर दी गई है।
चारों पर्चे कहां से आए और उन्हें किसने फेंका, इसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस मंगलवार की रात धर्मशाला में सोये लोगों, बाजार में सोने वाले रिक्शा, ट्राली व ऑटो चालकों और भिखारियों से पूछताछ कर रही है।