मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का फेसबुक पर विवादित पोस्टर वायरल होना पूर्व एमएलसी और बसपा नेता विनीत सिंह के गले की फांस बनता जा रहा है। बुधवार देर रात अवलेशपुर निवासी भाजपा नेता और प्रॉपर्टी डीलर शशिकांत राजभर की तहरीर पर रोहनिया थाने में विनीत के खिलाफ पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज किया गया है। बता दें कि इसके पहले दिन में विनीत के करीबी शिवपुर विधानसभा के बसपा प्रत्याशी सुधीर सिंह उर्फ पप्पू भौकाली को क्राइम ब्रांच ने हिरासत में लेकर कई घंटे पूछताछ की थी।
एसएसपी आकाश कुलहरि ने बताया कि शशिकांत राजभर ने सीसीटीवी फुटेज देकर शिकायत की थी कि विनीत और उसके 10 से अधिक साथी इसी साल अप्रैल में उनके घर में घुस आए थे। इस पर वह छुप गए। इस दौरान घर के नौकर से विनीत ने धमकाते हुए कहा कि शशिकांत को बता देना कि यदि पांच करोड़ रुपये नहीं मिले तो परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहे। इसके साथ ही घर में रखा एक लाख रुपया विनीत जबरन उठा ले गया।
एसएसपी ने बताया कि शशिकांत की तहरीर पर विनीत और उसके दर्जन भर अज्ञात साथियों के खिलाफ रंगदारी, बलवा, धमकी सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। रोहनिया थानाध्यक्ष और क्राइम ब्रांच को ताकीद की गई है कि विनीत और उसके साथियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। बता दें कि विनीत के खिलाफ वाराणसी और आसपास के जिलों में हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी मांगने, अपहरण और गैंगस्टर के 25 से अधिक मुकदमें दर्ज हैं।