कपसेठी थाना प्रभारी राजू दिवाकर ने बताया कि संतोष गुप्ता, अमन गुप्ता, संजय गुप्ता, संतोष चौहान, सोनू चौहान, नीरज गौड़, सोमारू चौहान, धनंजय, रजनीश कश्यप उर्फ गुड्डू सहित 27 लोगों को गिरफ्तार कर अदालत के पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। बेलवां गांव में पुलिस तैनात कर निगरानी की जा रही है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस की गलती से मामले ने पकड़ा तूल
बेलवां गांव के लोगों ने बताया कि रजनीश कश्यप उर्फ गुड्डू और संतोष गुप्ता के बीच लंबे समय से रंजिश चल रही है। सोमवार की देर शाम रजनीश सामान खरीदने कपसेठी बाजार गया था। बाजार में बेलवां के ग्राम प्रधान के बेटे अमन से रजनीश की कहासुनी हुई। इस पर अमन ने अपने दोस्तों के साथ रजनीश की पिटाई कर दी।
रजनीश कपसेठी थाने जाकर कार्रवाई की मांग किया तो थानाध्यक्ष ने ग्राम प्रधान पति को बुला लिया और समझौता कराने लगे। इसी बीच दोनों पक्ष के समर्थकों की भीड़ थाने में जुट गई और फिर वहीं जमकर मारपीट हुई। लोगों का कहना था कि कपसेठी थानाध्यक्ष ने सूझबूझ के साथ काम किया होता तो ऐसी नौबत नहीं आती।
पुलिस की कार्रवाई के डर से घर छोड़ कर भागे
कपसेठी थाने में मारपीट और हंगामे की घटना के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में बेलवां गांव में लगातार छापा मार रही है। पुलिस की कार्रवाई के डर से गांव के ज्यादातर पुरुष घर छोड़ कर भाग गए हैं। मंगलवार को गांव में सिर्फ महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग दिखे। इस बीच गांव में पूरी तरह से सन्नाटा पसरा रहा। पुलिस के वाहनों का सायरन बज रहा था।