वाराणसी के आदमपुर में भदऊं चुंगी के पास बीते 14 अक्तूबर को आभूषण कारोबारी के कर्मचारी से नगद एवं आभूषण समेत 75 लाख की डकैती मामले में पुलिस ने शुक्रवार की भोर में आदमपुर क्षेत्र से चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
उनके कब्जे से 14 लाख 73 हजार रुपये नगद, आभूषण एवं असलहे बरामद किए गए हैं। एसपी सिटी दिनेश सिंह ने चारो आरोपियों को शुक्रवार की दोपहर पुलिस लाइन में मीडिया के सामने पेश किया। पुलिस इस मामले का खुलासा पूर्व में ही कर चुकी थी।
वांछित चार बदमाशों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया है। आदमपुर पुलिस और चंदौली क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि 75 लाख की डकैती मामले में वांछित चार बदमाश राजघाट पुल के पास मौजूद हैं। भोर में पुलिस ने बदमाशों की घेरेबंदी की।
दो बाइक पर सवार चार बदमाशों को रुकने का इशारा किया तो वे पुलिस पर फायरिंग कर भागने लगे। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार बच्चू यादव सप्तसागर, मन्नी सिंह अनुराग सुड़िया, दीपू केशरी सूजाबाद रामनगर और इरफान चंदौली के पड़ाव का रहने वाला है। उनके पास से 14 लाख 73 हजार नगद, एक सोने की चेन, एक पिस्टल, दो कट्टा, तीन कारतूस और दो बाइक बरामद की गई है।
बदमाशों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने पिछले महीने रामनगर में चोरी की दो वारदातों को अंजाम दिया था। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक आदमपुर अजित कुमार मिश्र, एसआई पर्व कुमार सिंह प्रभारी चौकी लाट भैरव, मनोज कुमार प्रभारी चौकी आदमपुर आदि शामिल थे।