आपूर्ति विभाग ने नापतौल कराई तो सभी सिलेंडर में पांच सौ ग्राम से चार किलो कम मिली गैस
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी के बाबतपुर स्थित इंडियन ऑयल के गैस प्लांट के समीप रविवार की रात पुलिस ने गैस सिलेंडर लदे ट्रक से अवैध तरीके से की जा रही गैस रिफलिंग का भंडाफोड़ किया है।
तीन लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस ने 300 भरे व तीन खाली गैस सिलेंडर, एक छोटा सिलेंडर, मारूती वैन, रिफलिंग के औजार और गैस सिलेंडर पर लगने वाली शील व ढक्कन पुलिस ने कब्जे में लिया है।
आपूर्ति विभाग की टीम मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। थानाध्यक्ष बड़ागांव दिलीप कुमार सिंह को सूचना मिली थी कि बाबतपुर स्थित गैस प्लांट के पास अवैध तरीके से गैस की रिफलिंग का काम किया जा रहा है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने छापेमारी की तो अवैध तरीके से गैस रिफलिंग करते हुए ट्रक चालक छन्नू पासवान और अमित उर्फ रिंकू सिंह को हिरासत में लिया गया। सोमवार की सुबह आपूर्ति निरीक्षक परवेज अख्तर अपनी टीम के साथ ट्रक पर लदे सिलेंडरों की जांच की तो 500 ग्राम से लेकर चार किलोग्राम तक कम गैस मिली।
आपूर्ति निरीक्षक ने बताया कि सभी सिलेंडरों की नापतौल करने के बाद आगे की कार्रवाई के लिए डीएम के पास रिपोर्ट लेकर जा रहे हैं।
डीएम के आदेश पर हिरासत में लिए गए आरोपियों के खिलाफ बड़ागांव थाने में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। बड़ागांव थानाध्यक्ष ने बताया कि रिंकू सिंह इसके पूर्व भी अवैध रिफलिंग के आरोप में दो बार जेल जा चुका है।