बच्ची के शरीर में मिली सात सुइयां
पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में एक शख्स को घर में काम करने वाली महिला की साढ़े तीन साल की बेटी के शरीर में सात सुइयां घुसाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। दर्द से कराहती लहूलुहान बच्ची को घायलावस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
डॉक्टरों को शक है कि यह यौन शोषण का मामला है। आरोपी के खिलाफ पॉस्को एक्ट और धारा-307 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस मेडिकल रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। पुलिस के मुताबिक 62 वर्षीय सतनाम ठाकुर एक रिटायर्ड होमगार्ड है।
सतनाम ने अपने घर में एक विधवा औरत को काम पर रखा हुआ है, जिसकी एक साढ़े तीन साल की बेटी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ठाकुर तंत्र-मंत्र भी करता है। महिला को किसी काम से बाहर भेजने के बाद आरोपी ने बच्ची को अपना शिकार बनाया।
मामला तब सामने आया जब बच्ची को उल्टी और बुखार होने पर महिला उसे लेकर अस्पताल पहुंची। जांच में पता चला कि बच्ची के शरीर के अंदर कई सुइयां मौजूद हैं। बच्ची के लीवर में दो, किडनी में एक, यूरीनरी ब्लैडर में एक, ब्लैडर के पीछे एक, गुप्तांग में एक और पेट के निचले हिस्से में एक सुई मिली।
डॉक्टर ने बताया कि ये सुइयां चार-चार इंच लंबाई की थीं। बच्ची बुरी तरह से घायल है।