एसएसपी राम कृष्ण भारद्वाज ने पुलिस कार्यालय में दी जानकारी
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी के चौकाघाट फ्लाईओवर के नीचे सोमवार की रात फरार बदमाश चंदन सोनकर के गिरोह के पांच बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पांचों के पास से दो कट्टा, तीन कारतूस, लूटे गए 14 हजार रुपये, दो बाइक, चांदी के तीन सिक्के और सात स्मार्ट फोन बरामद कर मंगलवार को जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार पांचों शहर के एक साड़ी व्यवसायी की हत्या कर लूट की वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। एसएसपी राम कृष्ण भारद्वाज ने पुलिस कार्यलय में बताया कि चेतगंज के प्रभारी थानाध्यक्ष को सूचना मिली थी कि चौकाघाट की ओर से दो बाइक पर सवार चंदन सोनकर गिरोह के पांच बदमाश अंधरापुल की ओर जा रहे हैं।
इस सूचना पर थानाध्यक्ष ने अपने सहकर्मियों के साथ घेरेबंदी कर पांचों बदमाशों को गिरफ्तार किया। पांचों की शिनाख्त बड़ी पियरी के चंदन यादव व विक्की कुमार, लक्सा के विनोद गिरि, जद्दूमंडी के संदीप गिरि उर्फ सन्नी और चेतगंज के कन्हैया सोनकर के तौर पर हुई।
पूछताछ में पांचों ने बताया कि सभी दूकान बंद कर घर जा रहे एक साड़ी व्यवसायी की हत्या कर लूट करने जा रहे थे। पांचों ने लहुराबीर स्थित एचडीएफसी बैंक के पास से एक लाख की लूट, मुगलसराय व शाहगंज में लूट का प्रयास और चौक व कैंट क्षेत्र में चोरी की चार घटनाओं में संलिप्तता स्वीकारी।
एसएसपी ने बताया कि पांचों के खिलाफ लूट, हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित अन्य आरोप में 28 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।