दूकान, शॉपिंग कांप्लेक्स और मॉल के बाहर खड़ी मोटरसाइकलों को डुप्लीकेट चाबी की मदद से पल भर में ले उड़ने वाले अंतर जनपदीय दो चोरों को सिगरा पुलिस ने शनिवार को अंधरापुल से गिरफ्तार कर लिया। दोनों की निशानदेही पर चोरी की आठ बाइक्स बरामद हुई हैं। सिगरा पुलिस के मुताबिक दोनों फर्जी तरीके से नंबर प्लेट और कागजात तैयार कर चोरी के वाहनों को बिहार में बेच देते थे। दोनों चोरों की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने बाइक चोर गिरोह के बिहार कनेक्शन का भी खुलासा किया है।
सिगरा क्षेत्र और साजन तिराहे के आसपास वाहन चोरी की घटनाएं हाल में तेजी से बढ़ी थीं। एसएसपी के निर्देश पर एसआई रमेश यादव व अमरेंद्र पांडेय ने मुखबिरों की मदद से संदिग्ध दो युवकों को अंधरापुल से पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान लाटभैरव निवासी आनंद केशरी (24) और चेतगंज के तेलियाना निवासी बाबू जायसवाल (25) के तौर पर हुई। दोनों की निशानदेही पर अंधरापुल स्थित श्रीराम कांप्लेक्स के दक्षिणी छोर की तरफ चोरी की आठ बाइक बरामद हुईं।
दोनों ने बताया कि भीड़भाड़ वाले स्थान पर डुप्लीकेट चाबी से बाइक का लॉक खोलने के बाद थोड़ी दूर ले जाकर तत्काल उसकी नंबर प्लेट बदल देते थे और फिर कागजात तैयार कर आसपास के जनपदों सहित बिहार तक 10 से 15 हजार रुपये में वाहन बेचते थे। बरामद हुई आठ बाइक में से एक सिगरा व एक आदमपुर थाना क्षेत्र के रहने वालों की है। जबकि शेष छह के बारे में पुलिस पड़ताल कर रही है।