भदोही से वाराणसी जा रहा तेज रफ्तार ट्रक मंगलवार की भोर में कपसेठी चौराहा स्थित पारसनाथ विश्वकर्मा के घर के सामने टीनशेड में जा घुसा। बताया जाता है कि आरटीओ कर्मी बहरी नाला से ट्रक का पीछा किए थे। दुर्घटना होते ही सभी वापस हो लिए। उधर, ट्रक की चपेट में आकर ससुराल आए दामाद धर्मेंद्र विश्वकर्मा (30) की मौत हो गई जबकि हिमांशु और सुरेश घायल हो गए।
शोर सुनाई देते ही ग्रामीणों ने घेरेबंदी कर ट्रक चालक सुनील कुमार को पीटने के बाद पुलिस को सौंप दिया। आरटीओ कर्मियों को लेकर ग्रामीणों में खासा गुस्सा है।
कपसेठी चौराहा पर पारसनाथ विश्वकर्मा का मकान है। घर के सामने ही टीनशेड कमरा है। सोमवार की रात टीनशेड के नीचे ही जौनपुर के रामपुर थाना क्षेत्र के कोटगांव से आया पारसनाथ का दामाद धर्मेंद्र, नाती हिमांशु (16) और भांजा सुरेश (23) सोये हुए थे। अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आकर तीनोें गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों की मदद से तीनों को पीएचसी सेवापुरी ले जाया गया। हालत गंभीर देखते हुए तीनों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। इस दौरान रास्ते में ही धर्मेंद्र की मौत हो गई जबकि हिमांशु और सुरेश की हालत गंभीर है। उधर, घटना को लेकर परिवहन विभाग के कर्मियों से ग्रामीण खासे नाराज दिखे। सभी ने कहा कि मामले की शिकायत जल्द ही जिलाधिकारी से लेकर मुख्यमंत्री तक से की जाएगी।