पुलिस का भय दिखाकर आठ लाख के जेवर लूट
सुरक्षा की दृष्टि से अतिसंवेदनशील श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर परिक्षेत्र के अंतर्गत बांस फाटक रोड पर मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे तीन बदमाशों ने पुलिसिया रौब दिखा कर सराफा कारोबारी के कर्मचारी से आठ लाख रुपये के जेवर लूट लिए।
सूचना पाकर एसएसपी से लेकर दशाश्वमेध थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे लेकिन बदमाशोें का सुराग नहीं लग सका।
घटनास्थल के समीप एक दूकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में पीछे से रिकार्ड हुए एक आरोपी की तस्वीर के सहारे तफ्तीश शुरू कर दी गई है। पुलिस को उम्मीद है कि बुधवार को अन्य दूकानें खुलने पर उनके सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ सकती है। कोदई चौकी स्थित एक आभूषण केंद्र के संचालक विजय चतुर्वेदी ने बताया कि उनका कर्मचारी किशन विश्वकर्मा मंगलवार रात दूकान के कारीगरों द्वारा तैयार किए गए सोने के 375 ग्राम के आठ लाख रुपये मूल्य के रेडीमेड आभूषण लेकर चौक स्थित एक थोक कारोबारी के पास पैदल गया था।
वापसी में दूकान से लगभग सवा सौ मीटर पहले एक युवक ने किशन को रोका और बांस फाटक की ओर इशारा करके बोला कि तुम्हें साहब बुला रहे हैं। किशन उनके साथ चल दिया। बांस फाटक पहुंचने पर उसे दो और युवक मिले। दोनो युवकों ने किशन से कहा कि हम नारकोटिक्स ब्यूरो के अधिकारी हैं, तुम नशीले पदार्थ बेचने का कारोबार करते हो, अपना बैग चेक कराओ।
दोनों ने बैग चेक करने के बाद किशन को जाने के लिए कहा। थोड़ी दूर जाकर किशन ने देखा तो उसे बैग में रखे जेवरात गायब मिले।
एसएसपी आकाश कुलहरि ने बताया कि किशन को ले जाते हुए एक युवक सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए निर्देश दिया गया है।