बलिया जिले के सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन से तालिबपुर अपने घर टेंपो से जाते समय मंगलवार की सुबह एक फौजी के बैग से करीब डेढ़ लाख का जेवर व सामान उचक्कों ने पार कर दिया। फौजी ने टेम्पो चालक के खिलाफ तहरीर दी है।
बताया जाता है कि तालिबपुर निवासी फौजी प्रमोद कुमार सिंह छुट्टी लेकर गुवाहाटी से अपने परिवार के साथ घर आ रहे थे। मंगलवार की सुबह उत्सर्ग एक्सप्रेस से सुरेमनपुर स्टेशन उतरने के बाद टेंपो रिजर्व कर घर जा रहे थे। फौजी की मानें तो टेंपो को सोनू नाम का चालक चला रहा था जबकि पीछे एक और चालक लालजी यादव लटका हुआ था।
टेंपो के पीछे रखे बैग में जेवर आदि रखे हुए जो ब्लेड से बैग काट कर गायब किया गया था। उन्होंने बताया कि पीछे लटका लालजी रास्ते में ही उतर गया था। घर आने पर जब फौजी को पता चला तो बुधवार को उक्त आटो चालक व पीछे लटके एक अन्य ड्राइवर से संपर्क किया। घर ले जाकर पूछताछ करने के बाद शाम को 100 नंबर की पुलिस को सुपुर्द कर दिया।
टेंपो चालकों ने किया प्रदर्शन, संचालन ठप
टेम्पो चालक को आभूषण चोरी के आरोप में थाने में बंद किए जाने को लेकर चालकों ने सुरेमनपुर से बैरिया व सुरेमनपुर से दुर्जनपुर तक चलने वाली टेंपो का संचालन ठप कर दिया। टेंपो यूनियन अध्यक्ष अजय सिंह के साथ थाने में टेंपो संचालक इकट्ठा हो गए और थाना के सामने प्रदर्शन किया।
वे पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए चालकों को छोड़ने की मांग कर रहे थे। दो-तीन घन्टे पंचायत के बाद भी बात नहीं बनी तो कोतवाल दीप कुमार ने टेंपो के पीछे लटके चालक को हिरासत में ले लिया और चला रहे चालक को छोड़ दिया। बताया कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
उधर, टेंपो चालकों ने शहीद स्मारक के सामने एक बैठक कर कहा कि जब तक दूसरे साथी चालक को नहीं छोड़ा जाएगा तब तक टेंपो का संचालन शुरू नहीं किया जाएगा।